70वीं राष्ट्रीय विद्यालयी फुटबॉल प्रतियोगिता
राजीव शंकर चतुर्वेदी
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। टाउन इंटर कॉलेज के सभागार में 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयी फुटबॉल प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आजमगढ़ मंडल के संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. राजेश कुमार आर्य की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रतियोगिता को ऐतिहासिक बनाने के लिए रूपरेखा तैयार की गई और सभी समितियों के नोडल व सदस्यों ने अपने-अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया। मंडलीय क्रीडा सचिव एवं प्रतियोगिता के समन्वयक दिनेश कुमार सिंह ने सभी समितियों के कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बलिया की समृद्ध संस्कृति के अनुरूप देश भर से आने वाले खिलाड़ियों, मैनेजरों, प्रशिक्षकों और आगंतुक अतिथियों का आतिथ्य सत्कार किया जाएगा। साथ ही, पिछले वर्ष 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जुटे सदस्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई। जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार मिश्रा ने माध्यमिक शिक्षा के शिक्षकों और सभी सहयोगियों का मनोबल बढ़ाया, जबकि बेसिक शिक्षा अधिकारी के प्रतिनिधि ने विभाग के समस्त शारीरिक शिक्षा शिक्षकों और अनुदेशकों को पूरी मुस्तैदी से कार्य करने का निर्देश दिया। संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. राजेश कुमार आर्य ने पिछले वर्ष की सफलता का हवाला देते हुए कहा कि इस बार भी सभी अधिकारी व कर्मचारी अपने पदों के अनुरूप पूरे मनोभाव से कार्य करें ताकि व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी न रहे और ड्यूटी में किसी भी तरह की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान सभी सदस्यों ने “हम तैयार हैं” का उद्घोष किया। बैठक के उपरांत प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर के लिए परिवहन मंत्री का निमंत्रण पत्र उनके प्रतिनिधि हर्ष सिंह एवं धर्मेंद्र सिंह को संयुक्त शिक्षा निदेशक द्वारा सौंपा गया और सोनाडीह की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कुमारी प्रिया तथा राष्ट्रीय खिलाड़ी निगम व सलोनी को अतिथियों द्वारा आशीर्वाद प्रदान किया गया। उक्त अवसर पर पंकज सिंह, हिमांशु सिंह, खंड शिक्षा अधिकारीगण, विभिन्न सह-समन्वयक तथा आज़मगढ़ और बलिया के तमाम खेल शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अरविंद कुमार सिंह ने किया,










