Home / Uncategorized / 16 वर्षीय किशोर पर जानलेवा हमला, सिर की कई हड्डियां टूटीं; 10 दिन कोमा में रहा, परिवार को बम से उड़ाने की धमकी

16 वर्षीय किशोर पर जानलेवा हमला, सिर की कई हड्डियां टूटीं; 10 दिन कोमा में रहा, परिवार को बम से उड़ाने की धमकी

पूर्वांचल राज्य | काजल तिवारी

कानपुर नगर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोर पर जानलेवा हमले का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि ईंटों से किए गए हमले में किशोर के सिर की कई हड्डियां टूट गईं। हालत इतनी गंभीर हो गई कि वह करीब 10 दिनों तक कोमा में रहा। फिलहाल उसका इलाज कल्याणपुर स्थित स्टार केयर हॉस्पिटल में चल रहा है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों पर जान से मारने और घर को बम से उड़ाने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
परिजनों के अनुसार, घटना 9 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 7 बजे की है। आरोप है कि किशोर अपने घर की छत पर मौजूद था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले भवन, मधुर, मिलन और राजू ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर ईंटों से हमला कर दिया। हमले में किशोर के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश हो गया।
पीड़ित के चाचा प्रमोद कुमार एडवोकेट ने कल्याणपुर थाने में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिवार का आरोप है कि घटना के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार धमकियां दे रहे हैं।
परिजनों का कहना है कि आरोपियों ने समझौता नहीं करने पर पूरे परिवार को बम से उड़ाने की धमकी दी है। गंभीर रूप से घायल किशोर का अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं, परिवार भय और दहशत के माहौल में रहने को मजबूर है।
पुलिस प्रशासन से न्याय और सुरक्षा की गुहार
पीड़ित परिवार ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि शिकायत देने के बावजूद उन्हें कार्रवाई का इंतजार है। परिवार ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *