पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
विशेष सफाई अभियान चलाकर हटाई गई गंदगी, काई और झाड़ियां; चूने का भी हुआ छिड़काव
महराजगंज,लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर पंचायत प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। पर्व को देखते हुए नगर पंचायत की ओर से छठ घाटों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर पंचायत के सफाई कर्मचारियों की टीम ने स्थानीय छठ घाट पर व्यापक स्तर पर साफ-सफाई की।
अभियान के दौरान घाट की सीढ़ियों पर जमी काई, कूड़ा-कचरा और उगी झाड़ियों को हटाया गया। वहीं तालाब एवं नदी के किनारे फैली गंदगी की सफाई कर घाट परिसर को स्वच्छ बनाया गया। सफाई कार्य पूरा होने के बाद परिसर में चूने का छिड़काव भी कराया गया, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
नगर पंचायत प्रशासन ने बताया कि छठ महापर्व से पहले सभी प्रमुख घाटों पर साफ-सफाई के साथ प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के इंतजाम भी दुरुस्त किए जाएंगे। प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
नगर पंचायत की इस पहल की स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने सराहना की है।










