हनुमान मंदिर, महामाया मंदिर, न्यू मार्केट, पिपरी चौराहा, डोंगिया नाला और वार्ड नंबर 10 स्थित घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, पारंपरिक गीतों से गूंजा नगर
पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपू तिवारी
पिपरी/रेणुकूट (सोनभद्र)। पिपरी नगर पंचायत क्षेत्र में छठ महापर्व को लेकर चारों ओर उत्सव और आस्था का माहौल दिखाई दे रहा है। नगर पंचायत के सभी 12 वार्डों में लोक आस्था के इस महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। शनिवार को महापर्व के दूसरे दिन खरना पूजन के साथ ही व्रती महिलाओं ने 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का संकल्प लिया। सुबह से ही घरों में पूजा की तैयारियां चलती रहीं, जबकि शाम होते-होते नगर के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई। छठी मईया के पारंपरिक लोकगीतों से पूरा नगर भक्तिमय नजर आया।
नगर के विभिन्न घाटों पर दिखी आस्था की छटा
पिपरी नगर पंचायत क्षेत्र में हनुमान मंदिर, महामाया मंदिर, न्यू मार्केट, पिपरी चौराहा, डोंगिया नाला तथा वार्ड नंबर 10 सहित विभिन्न स्थानों पर बनाए गए छठ घाटों पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। व्रती महिलाओं ने परिवार के सदस्यों के साथ घाटों पर पहुंचकर पूजा की वेदियां सजाईं। विधि-विधान से पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलित कर छठी मईया की आराधना की गई। घाटों पर गूंजते पारंपरिक छठ गीतों ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। वहीं, रेणुकूट और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी खरना पूजन श्रद्धा और पारंपरिक उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
गुड़ की खीर का प्रसाद ग्रहण कर शुरू किया निर्जला व्रत
छठ महापर्व के दूसरे दिन खरना का विशेष धार्मिक महत्व है। इस अवसर पर व्रती महिलाओं ने घरों में मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से पूरी पवित्रता और स्वच्छता के साथ गुड़ की खीर का प्रसाद तैयार किया। शाम को विधिवत पूजा-अर्चना के बाद छठी मईया को भोग अर्पित किया गया। इसके बाद व्रती महिलाओं ने प्रसाद ग्रहण कर खरना का अनुष्ठान पूरा किया। इसी के साथ उनका 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो गया। अब व्रती महिलाएं अन्न और जल का त्याग कर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने की तैयारी में जुट गई हैं।
घाटों की साफ-सफाई और व्यवस्था में जुटे स्थानीय लोग
छठ महापर्व को देखते हुए पिपरी नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्थानीय लोगों एवं समितियों की ओर से आवश्यक इंतजाम किए गए। पूजा की तैयारियों में परिवार के सदस्यों के साथ स्थानीय लोगों ने भी सहयोग किया। वहीं, घाटों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क रहा।
आज डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगी व्रती महिलाएं
छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी यानी डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित करेंगी। इसके लिए घाटों पर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। महापर्व के अंतिम दिन सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय छठ पूजा का विधिवत समापन होगा।










