फेसबुक मैसेंजर के जरिए युवती को कर रहा था परेशान, गाली-गलौज और जान से मारने की भी दी थी धमकी; बीएनएस व आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने की गिरफ्तारी
पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
पिपरी (सोनभद्र)। सोशल मीडिया के जरिए युवती को परेशान करने और उसकी निजी सामग्री वायरल करने की धमकी देने के मामले में पिपरी पुलिस ने सोमवार को एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर युवती के साथ गाली-गलौज करने, जान से मारने तथा उसकी निजी सामग्री सोशल मीडिया पर प्रसारित कर सामाजिक और पारिवारिक प्रतिष्ठा धूमिल करने की धमकी देने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, थाना पिपरी में युवती के भाई ने शिकायत दर्ज कराई थी कि शरद कुमार जायसवाल मोबाइल फोन और फेसबुक मैसेंजर के माध्यम से उसकी बहन को लगातार परेशान कर रहा था। आरोप है कि युवक उसे गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने और निजी सामग्री सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा था। इससे पीड़िता और उसके परिजन भयभीत और मानसिक रूप से परेशान थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पिपरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 351(3), 352, 356(1) तथा आईटी एक्ट की धारा 66ई और 67 के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शरद कुमार जायसवाल पुत्र नंदन कुमार जायसवाल, निवासी रोटरी क्लब के पास, कृष्ण मंदिर, मुर्धवा, रेणुकूट, थाना पिपरी, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव एवं उपनिरीक्षक दिलीप कुमार सिंह शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त को सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है।









