धानापुर (चंदौली)। विकासखंड धानापुर के अमरवीर इंटर कॉलेज स्थित खेल मैदान में सोमवार, 23 नवंबर को एक दिवसीय ब्लॉक स्तरीय परिषदीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विकासखंड के विभिन्न संकुलों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया। विभिन्न खेल स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए निदिलपुर संकुल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपना दबदबा कायम किया, जबकि खड़ान संकुल उपविजेता रहा। वहीं विशेष प्रदर्शन में कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय कमालपुर तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम में यूपीएस पगही ने बाजी मारी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सैयदराजा विधायक के पुत्र हर्ष सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। विधायक के व्यस्तता के चलते उनके पुत्र ने कार्यक्रम में सहभागिता की। खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी सिंह ने क्लैपर बजाकर दौड़ प्रतियोगिता की शुरुआत कराई। इस दौरान अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी सिंह ने की, जबकि संचालन डॉ. ईश्वर चंद्र त्रिपाठी ने किया।
प्रतियोगिता में 50, 100, 200 एवं 400 मीटर दौड़ के साथ कबड्डी, लंबी कूद और ऊंची कूद सहित विभिन्न खेल स्पर्धाएं आयोजित की गईं। मैदान में नन्हे खिलाड़ियों की तेज रफ्तार और कबड्डी के मुकाबलों में दिखे दमखम ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों के शानदार प्रदर्शन पर मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। शिक्षकों, अनुदेशकों और अभिभावकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी सिंह ने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। ग्रामीण अंचल में आयोजित खेल प्रतियोगिताएं बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता को सफल बनाने में विकासखंड के सभी संकुलों के शिक्षक एवं अनुदेशक पूरी तत्परता से जुटे रहे। सभी ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। समापन समारोह में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर इम्तियाज खान, प्रदीप सिंह, इमरान खान, मंगल देव शर्मा, दिलीप भारती, जेपी सिंह, शमशेर सिंह, विजय बहादुर सिंह, अभिषेक, राजेंद्र यादव, प्रदीप शर्मा, शिवेंद्र मिश्रा, ज्ञान प्रकाश सिंह, दुर्गेश पाठक, अवधेश सिंह, बृजेश सिंह, अशोक पाल, अरविंद सिंह, शिवम पांडेय, रेखा यादव, पूजा सिंह, बिनु यादव, सुजीत पांडेय, मनीष सिंह एवं नत्थू यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और अनुदेशक उपस्थित रहे।










