पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपू तिवारी
सोनभद्र पिपरी थाना क्षेत्र से लापता हुए चार नाबालिग बच्चों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया। बच्चों के सुरक्षित मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 10 मई 2026 को नन्दु पाल पुत्र रामबरन पाल निवासी चाचा कॉलोनी, वार्ड नं०-3 थाना पिपरी जनपद सोनभद्र ने थाना पिपरी में सूचना दी कि उनका पुत्र आलोक कुमार पाल (उम्र करीब 14 वर्ष) अपने मित्र रोहित कुमार पुत्र पिन्टू राम (12 वर्ष), विवेक हरिजन पुत्र सुनील राम (14 वर्ष) तथा अनिकेत राम पुत्र अनिल भारती (16 वर्ष) के साथ 09 मई 2026 से घर से बिना बताए कहीं चला गया है।
सूचना मिलते ही थाना पिपरी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मु0अ0सं0-83/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया तथा बच्चों की तलाश हेतु तत्काल पुलिस टीम गठित कर प्रभावी कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में थाना पिपरी पुलिस टीम लगातार सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य तकनीकी माध्यमों का गहन परीक्षण कर बच्चों की तलाश में जुटी रही।
लगातार प्रयासों के क्रम में दिनांक 12 मई 2026 को थाना पिपरी पुलिस टीम ने चारों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे आपस में मित्र हैं और घूमने के उद्देश्य से बिना किसी को बताए ट्रेन से पटना चले गए थे। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि बच्चों के साथ किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
आवश्यक पूछताछ एवं विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद चारों बच्चों को सकुशल उनके परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया। पुलिस की त्वरित एवं सतर्क कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।










