पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/घुघली पल्टू मिश्रा
जनपद में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पुरन्दरपुर पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम झामट में अवैध खनन में संलिप्त दो ट्रैक्टर एवं एक लोडर को कब्जे में लिया। कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर अवैध मिट्टी खनन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तथा क्षेत्राधिकारी फरेन्दा के पर्यवेक्षण में थाना पुरन्दरपुर पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम झामट में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान टीम ने अवैध रूप से मिट्टी खनन करते हुए एक ट्रैक्टर ट्रॉली में मिट्टी लदी हुई तथा एक अन्य ट्रैक्टर के साथ लोडर को मौके से कब्जे में ले लिया। पुलिस दोनों वाहनों को थाना पुरन्दरपुर ले आई, जहां आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं खनन विभाग को भी आगे की कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेज दी गई है।
इस संयुक्त अभियान में नायब तहसीलदार फरेन्दा अंकित अग्रवाल एवं राजस्व लेखपाल सूरज कुमार शामिल रहे। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अजय यादव, उपनिरीक्षक देवेश प्रताप सिंह, कांस्टेबल सुनेन्द्र कुमार, आदित्य यादव, रिजर्व कांस्टेबल फिरोज तथा रिजर्व आरक्षी शुभम पाल मौजूद रहे।
प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध खनन पर बड़ी सख्ती माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध खनन करने वालों में डर का माहौल बना हुआ है।










