Home / Uncategorized / धानापुर कस्बे में एक आवासीय कोचिंग सेंटर के संचालक पर 13 वर्षीय छात्र की बेरहमी से पिटाई

धानापुर कस्बे में एक आवासीय कोचिंग सेंटर के संचालक पर 13 वर्षीय छात्र की बेरहमी से पिटाई

चंदौली जिले के धानापुर कस्बे में एक आवासीय कोचिंग सेंटर के संचालक पर 13 वर्षीय छात्र की बेरहमी से पिटाई का आरोप लगा है। पिटाई से डरकर छात्र गुरुवार रात करीब 1 बजे कोचिंग से भाग गया। छात्र का नाम कृष्ण कमल है, जो गाजीपुर के अंधऊ गांव का रहने वाला है।
रात में नरौली गांव के पास कुछ राहगीरों ने कृष्ण कमल को रोते हुए देखा। उन्होंने बच्चे को रोककर उससे जानकारी ली और उसके परिजनों को सूचित किया। बच्चा इतना डरा हुआ था कि वह अपने परिवार को भी सूचना नहीं देना चाहता था और न ही वापस कोचिंग जाना चाहता था।
छात्र की मां अभिलाषा ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे का दाखिला सोफियान इंस्टीट्यूट नामक इस कोचिंग सेंटर में कराया था। उनके अनुसार, जब बच्चे ने अपने माता-पिता से बात करने की इच्छा जताई, तो कोचिंग संचालक गुस्सा हो गया और तीन दिनों तक उसकी जमकर पिटाई की। बच्चे के शरीर पर, खासकर पीठ और जांघों पर गंभीर चोटों के निशान हैं, जैसा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में भी दिख रहा है।
परिजनों ने बताया कि पिटाई के कारण बच्चा ठीक से बैठ नहीं पा रहा है और उसे चलने में भी दिक्कत हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि बच्चे ने कोई गलती की थी, तो संचालक को उसके माता-पिता को सूचित करना चाहिए था, न कि उसे लात-घूसों से पीटकर गंभीर रूप से घायल करना चाहिए था।
इस मामले का संज्ञान लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं, ग्रामीणों ने जिलाधिकारी चंदौली से ऐसे संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *