Home / Uncategorized / चंदौली-गाजीपुर को जोड़ने वाले नए पीपा पुल का उद्घाटन, आवागमन होगा आसान

चंदौली-गाजीपुर को जोड़ने वाले नए पीपा पुल का उद्घाटन, आवागमन होगा आसान

चंदौली। जिले के धानापुर विकास खंड क्षेत्र में जिगना घाट से गाजीपुर जनपद के करंडा ब्लॉक स्थित प्रसिद्ध नागा बाबा धार्मिक स्थल (बड़सरा) तक निर्मित नए पीपा पुल का उद्घाटन बुधवार शाम सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने किया। लगभग 257.11 लाख रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम हो जाएगा।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने कहा कि यह पुल क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग थी। पुल के निर्माण से चंदौली और गाजीपुर के बीच संपर्क और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि किसानों, व्यापारियों, छात्रों तथा आम नागरिकों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी, जिससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।

वहीं, धानापुर ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने बताया कि लंबे समय से लोगों को गाजीपुर जाने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ता था, जिससे समय और जोखिम दोनों बढ़ जाते थे। अब पीपा पुल शुरू होने के बाद लोगों को सुरक्षित और आसान आवागमन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि यह चंदौली और गाजीपुर को जोड़ने वाला दूसरा पीपा पुल है। इससे पहले नगवा-चौचकपुर घाट पर भी एक पीपा पुल का निर्माण कराया जा चुका है।

कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री सुजीत जायसवाल, रमेश यादव बबलू, सुरेश मौर्य, सुशील सिंह जनौली, राणा सिंह, रमेश द्विवेदी, चंद्रभान मौर्य, कमलाकांत मिश्र, देवेंद्र सिंह, अजीत सिंह और धर्म सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जमुना बिंद (बरहन) ने की, जबकि संचालन गोपाल बिंद ने किया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *