Home / Uncategorized / पिपरी थाना प्रभारी राजेश चौबे से मिले व्यापारी, सुरक्षा व्यवस्था पर हुई महत्वपूर्ण वार्ता

पिपरी थाना प्रभारी राजेश चौबे से मिले व्यापारी, सुरक्षा व्यवस्था पर हुई महत्वपूर्ण वार्ता

पूर्वाचल राज्य संवाददाता : दीपू तिवारी

सोनभद्र/रेणुकूट। रेणुकूट व्यापार मंडल के नवनिर्वाचित अध्यक्ष बृज किशोर के नेतृत्व में बुधवार को व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल पिपरी थाना पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी राजेश चौबे से शिष्टाचार भेंट कर उनका अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया तथा नगर के व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने व्यापारियों की सुरक्षा, बाजार क्षेत्र में कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं व्यापारिक गतिविधियों के सुचारू संचालन से संबंधित समस्याओं को थाना प्रभारी के समक्ष रखा। साथ ही व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए अपने सुझाव भी दिए।
थाना प्रभारी राजेश चौबे ने व्यापारियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन व्यापारियों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा तथा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों और पुलिस के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष बृज किशोर ने कहा कि व्यापारिक समुदाय सदैव प्रशासन के साथ खड़ा रहा है और आगे भी कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग देता रहेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पुलिस प्रशासन एवं व्यापारियों के बीच आपसी सहयोग से क्षेत्र में सुरक्षित और बेहतर व्यापारिक माहौल विकसित होगा।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इस अवसर पर अखिलेश मिश्रा, अनुज अग्रवाल, केशनाथ पांडेय, रमाशंकर केसरी, रविंद्र गुप्ता, अनूप कुमार, विजय सिंह, विनोद चौरसिया, अखिलेश सिंह सहित व्यापार मंडल के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
व्यापार मंडल और पुलिस प्रशासन के बीच हुई यह महत्वपूर्ण वार्ता व्यापारियों की समस्याओं के समाधान, सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा आपसी समन्वय को और मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *