Home / Uncategorized / बोट प्वाइंट हादसे में दो किशोरों के शव बरामद, शक्तिनगर पुलिस ने की सावधानी बरतने की अपील

बोट प्वाइंट हादसे में दो किशोरों के शव बरामद, शक्तिनगर पुलिस ने की सावधानी बरतने की अपील

पूर्वाचल राज्य संवाददाता : दीपू तिवारी

सोनभद्र/शक्तिनगर। शक्तिनगर थाना क्षेत्र के कोटा बस्ती स्थित बोट प्वाइंट पर नहाने गए दो किशोरों की तलाश का दुखद अंत हो गया। लापता हुए दोनों किशोरों के शव खोज अभियान के दौरान बरामद कर लिए गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, अंकित दास और पियूष सिंह बोट प्वाइंट पर नहाने गए थे, जहां वे अचानक गहरे पानी में चले जाने के कारण लापता हो गए।

परिजनों की सूचना पर शक्तिनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों तथा राहत-बचाव टीम की सहायता से खोज अभियान शुरू किया गया।

तलाशी के दौरान घटनास्थल के समीप दोनों किशोरों के कपड़े एवं एक मोबाइल फोन बरामद हुआ था, जिसके बाद नदी में डूबने की आशंका और प्रबल हो गई थी। लगातार चलाए गए सर्च अभियान के बाद दोनों किशोरों के शव नदी से बरामद कर लिए गए।

शक्तिनगर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूर्ण करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोगों ने मृतक किशोरों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

इस दुखद घटना के बाद थाना प्रभारी सत्येंद्र राय ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि नदी, तालाब, जलाशयों एवं गहरे पानी वाले क्षेत्रों में नहाने या जाने के दौरान विशेष सावधानी बरतें। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों पर विशेष निगरानी रखने और उन्हें खतरनाक जल क्षेत्रों से दूर रखने का आग्रह किया। थाना प्रभारी ने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए सभी लोग सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।

इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है तथा लोगों को जलाशयों के आसपास सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *