Home / Uncategorized / धानापुर विकासखंड क्षेत्र में अहिकौरा गांव से असवारिया कमालपुर को जोड़ने वाला मार्ग कई सालों से मरम्मत के अभाव में जर्जर स्थिति में

धानापुर विकासखंड क्षेत्र में अहिकौरा गांव से असवारिया कमालपुर को जोड़ने वाला मार्ग कई सालों से मरम्मत के अभाव में जर्जर स्थिति में

चंदौली जिले के धानापुर विकासखंड क्षेत्र में अहिकौरा गांव से असवारिया कमालपुर को जोड़ने वाला मार्ग कई सालों से मरम्मत के अभाव में जर्जर स्थिति में है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग की खराब हालत के विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और जल्द मरम्मत की मांग की।

ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मार्ग की मरम्मत के लिए गुहार लगाई है, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। लगभग 15 सालों से इस मार्ग की मरम्मत की मांग की जा रही है।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि उनके गांव से भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष हैं। उनके पदभार संभालने के बाद ग्रामीणों को विकास की उम्मीद थी, लेकिन गांव अभी भी विकास से दूर है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मुद्दा आगामी विधानसभा चुनाव में महत्वपूर्ण बन सकता है।

जर्जर सड़क के कारण बरसात के मौसम में किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने में विशेष कठिनाई होती है। जगह-जगह टूटी हुई सड़क पर सांप और बिच्छुओं का खतरा भी बना रहता है, जिससे ग्रामीणों को आने-जाने में डर लगता है।

चंदन हरिजन, इंदल, अशोक मौर्य, तेजा, अनवर अली, रामगति, बाबूलाल, खुर्शीद, उदय, दयाशंकर सहित अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी चंदौली चंद्र मोहन गर्ग का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि मार्ग की मरम्मत नहीं की गई तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *