जंडियाला गुरु विधानसभा क्षेत्र के 216 बूथों की महिला सत्कार सखियों को दो दिवसीय प्रशिक्षण, 1 जुलाई से शुरू होगी योजना की आर्थिक सहायता
जंडियाला गुरु/अमृतसर, 14 जून (राजू वालिया) – पंजाब सरकार द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक सम्मान को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री माताएं-बेटियां सत्कार योजना’ को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जंडियाला गुरु स्थित इंदर फार्म में दूसरे दिन भी महिला सत्कार सखियों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान सखियों को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, लाभार्थियों के पंजीकरण तथा योजना के विभिन्न पहलुओं संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।जानकारी देते हुए बताया गया कि प्रशिक्षण के पहले दिन 13 जून को जंडियाला गुरु विधानसभा क्षेत्र के 110 बूथों से संबंधित महिला सत्कार सखियों को प्रशिक्षण दिया गया था, जबकि दूसरे दिन शेष 106 बूथों की सखियों को प्रशिक्षित किया गया। इस प्रकार कुल 216 बूथों की महिला सत्कार सखियों को योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु प्रशिक्षित किया गया। इस अवसर पर पंजाब के लोक निर्माण मंत्री श्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. विशेष रूप से उपस्थित हुए और प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिला सत्कार सखियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी संकल्प को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री माताएं-बेटियां सत्कार योजना शुरू की गई है, जिससे राज्य की लाखों महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा।कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने बताया कि योजना के अंतर्गत पात्र सामान्य वर्ग की महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये तथा अनुसूचित जाति (एस.सी.) वर्ग की पात्र महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत आर्थिक सहायता का वितरण 1 जुलाई 2026 से शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा योजना को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बड़ी संख्या में महिलाओं ने समाज सेवा के उद्देश्य से महिला सत्कार सखी के रूप में अपनी सेवाएं देने की इच्छा जताई थी। इसी कारण उन्हें योजना के प्रत्येक पहलू की तकनीकी एवं व्यवहारिक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि वे अपने क्षेत्र में प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें। प्रशिक्षण शिविर के दौरान मास्टर ट्रेनरों और सुपरवाइजरों द्वारा महिला सत्कार सखियों को आवेदन फॉर्म भरने की प्रक्रिया, पात्रता की शर्तें, आवश्यक दस्तावेज, लाभार्थियों की पहचान तथा पंजीकरण की संपूर्ण प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही उन्हें यह जिम्मेदारी भी सौंपी गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर पात्र महिलाओं तक योजना की जानकारी पहुंचाएं और उन्हें योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित करें। लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि पंजाब सरकार ने जनता से किए गए अपने अधिकांश वादों और गारंटियों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया है। मुख्यमंत्री माताएं-बेटियां सत्कार योजना भी सरकार की महत्वपूर्ण गारंटियों में शामिल थी, जिसे अब धरातल पर लागू किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस योजना से महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिलेगी और वे अपने परिवारों की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगी। उन्होंने महिला सत्कार सखियों से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और समर्पण भावना के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि योजना का लाभ प्रत्येक पात्र महिला तक पहुंचे। इस अवसर पर विभागीय अधिकारी, मास्टर ट्रेनर, सुपरवाइजर, महिला सत्कार सखियां तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।










