अमृतसर, 21 जून (राजू वालिया) – सिखों के पांचवें गुरु, श्री गुरु अर्जन देव जी महाराज के शहीदी दिवस को समर्पित खंडवाला शक्ति नगर के नौजवान सेवक सभा द्वारा श्रद्धा और सेवा भाव के साथ ठंडे मीठे जल की छबील तथा कढ़ी-चावल के लंगर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और राहगीरों ने छबील का प्रसाद ग्रहण किया तथा गुरु साहिब की शिक्षाओं को स्मरण किया। कार्यक्रम के दौरान नौजवानों ने आने-जाने वाले लोगों को ठंडा मीठा जल वितरित कर मानव सेवा का संदेश दिया। भीषण गर्मी के बीच छबील सेवा से लोगों को राहत मिली और उन्होंने आयोजनकर्ताओं की सराहना की। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए कढ़ी-चावल के लंगर की भी व्यवस्था की गई, जिसे प्रेम और सम्मान के साथ वितरित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने श्री गुरु अर्जन देव जी महाराज की महान शहादत और मानवता के लिए उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि गुरु साहिब ने सत्य, धर्म और मानव कल्याण की रक्षा के लिए अद्वितीय बलिदान दिया, जो आज भी समाज को सेवा, त्याग और भाईचारे की प्रेरणा देता है। नौजवान सेवक सभा के सदस्यों ने कहा कि गुरु साहिब के बताए मार्ग पर चलते हुए मानवता की सेवा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने युवाओं से समाज सेवा और धार्मिक मूल्यों को अपनाने का भी आह्वान किया। इस अवसर पर गुरप्रीत सिंह गोपी, बाबा कवलजीत सिंह, इवनजीत सिंह, हरविंदर सिंह गिल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं नौजवान सेवक उपस्थित रहे और सेवा कार्य में अपना योगदान दिया।
श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस पर खंडवाला शक्ति नगर में लगाई गई छबील, राहगीरों को पिलाया गया ठंडा मीठा जल










