Home / Uncategorized / खाडपाथर वार्ड में क्षतिग्रस्त नाली बनी परेशानी का सबब, जलभराव से लोग चिंतित

खाडपाथर वार्ड में क्षतिग्रस्त नाली बनी परेशानी का सबब, जलभराव से लोग चिंतित

सफाई व्यवस्था और मच्छररोधी छिड़काव को लेकर क्षेत्रवासियों ने उठाई आवाज

सोनभद्र पूर्वांचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी

सोनभद्र, 21 जून। नगर पंचायत रेणुकूट के वार्ड संख्या-13 खाडपाथर क्षेत्र में क्षतिग्रस्त नाली और अव्यवस्थित जल निकासी व्यवस्था स्थानीय नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सोनांचल विद्यालय के समीप आरओ प्लांट वाली गली में नाली और आरसीसी संरचना के क्षतिग्रस्त होने से बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो रही है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि पानी के ओवरफ्लो होने से आसपास के घरों में पानी घुसने की आशंका बनी रहती है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार अजीत चौधरी एवं अमिताभ मिश्रा के आवास के निकट स्थित नाली लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। बरसात के दौरान पानी की निकासी बाधित होने से सड़क और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव हो जाता है, जिससे लोगों को आवागमन में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

क्षेत्रवासियों ने सफाई व्यवस्था को लेकर भी चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि इलाके में नियमित रूप से मच्छररोधी दवा का छिड़काव नहीं कराया जाता, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। साथ ही सफाई कार्य भी नियमित रूप से नहीं होने के कारण गंदगी की समस्या बनी रहती है। बरसात के मौसम में इससे संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका बढ़ जाती है।

समस्या की सूचना मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता राजपति साहनी ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रवासियों ने जल निकासी, सफाई व्यवस्था और मच्छररोधी छिड़काव से संबंधित अपनी समस्याएं विस्तार से बताईं।

इस दौरान बृजेश पांडेय, अजीत चौधरी, सीताराम केवट, विजय प्रसाद मौर्य, अमित यादव, राजकुमार केसरवानी, राम सजीवन सहित दर्जनों स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नगर पंचायत प्रशासन से क्षतिग्रस्त नाली की मरम्मत, नियमित सफाई व्यवस्था तथा मच्छररोधी दवा के छिड़काव की मांग की।

क्षेत्रवासियों ने नगर पंचायत रेणुकूट के अधिशासी अधिकारी से जनहित में शीघ्र आवश्यक कदम उठाने की अपील की है। उनका कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान होने से बरसात के दौरान संभावित जलभराव और उससे होने वाली परेशानियों से राहत मिल सकेगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *