सोनभद्र पूर्वांचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी
सोनभद्र। जनपद पुलिस ने आधुनिक तकनीक और प्रभावी पुलिसिंग के बल पर मोबाइल बरामदगी अभियान में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में सर्विलांस सेल, एसओजी तथा विभिन्न थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल के माध्यम से 302 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिया।
पुलिस विभाग के अनुसार बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत लगभग 45 लाख रुपये है। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभरुणवाल ने बताया कि सीईआईआर पोर्टल और तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग से मोबाइल बरामदगी में लगातार सफलता मिल रही है। उन्होंने कहा कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराना आवश्यक है, जिससे तकनीकी माध्यम से मोबाइल की ट्रैकिंग कर उसे बरामद किया जा सके।
उन्होंने बताया कि मई 2026 में मोबाइल बरामदगी के मामलों में सोनभद्र पुलिस ने 66 प्रतिशत सफलता दर हासिल की है। इस उपलब्धि के आधार पर जनपद को पूरे उत्तर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है, जो पुलिस की सक्रिय कार्यशैली और तकनीकी दक्षता को दर्शाता है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने इस सफलता के लिए सर्विलांस सेल, एसओजी और विभिन्न थानों की पुलिस टीमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनपद पुलिस आमजन की समस्याओं के समाधान और अपराध नियंत्रण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं तथा नजदीकी थाने को भी सूचना दें।
मोबाइल वापस पाने वाले लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनके खोए हुए मोबाइल इतनी जल्दी वापस मिल जाएंगे। पुलिस की इस पहल से आमजन का विश्वास और मजबूत हुआ है तथा तकनीक आधारित पुलिसिंग की प्रभावशीलता भी सामने आई है।










