Home / Uncategorized / चंदौली जिले के धानापुर क्षेत्र के गुरैनी में गंगा कटान की रोकथाम की मांग को लेकर चल रहा किसानों का धरना

चंदौली जिले के धानापुर क्षेत्र के गुरैनी में गंगा कटान की रोकथाम की मांग को लेकर चल रहा किसानों का धरना

चंदौली जिले के धानापुर क्षेत्र के गुरैनी में गंगा कटान की रोकथाम की मांग को लेकर चल रहा किसानों का धरना 27वें दिन स्थगित कर दिया गया है। यह निर्णय जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग के आश्वासन के बाद लिया गया। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय में उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो नवंबर महीने में एक विशाल आंदोलन शुरू किया जाएगा।

सोमवार को जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग स्वयं धरना स्थल पर पहुंचे और किसानों से मुलाकात की। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि बाढ़ से पहले कटानरोधी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे, जिसके बाद किसानों ने अपना अनिश्चितकालीन धरना समाप्त कर दिया।

धरनास्थल पर किसानों ने पूर्व में कराए गए कटानरोधी कार्यों की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। भारतीय किसान मजदूर संयुक्त यूनियन संगठन के कार्यकारी सदस्य दीनानाथ श्रीवास्तव ने बताया कि वर्ष 2021 में गुरैनी पंप कैनाल को गंगा कटान से बचाने के लिए लगभग 10 करोड़ रुपये की कटानरोधी परियोजना स्वीकृत हुई थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस परियोजना का शिलान्यास मुख्यमंत्री द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया था, लेकिन कार्य में उपयोग किए गए पत्थरों की गुणवत्ता खराब थी और निर्माण में अनियमितताएं बरती गईं। इसके परिणामस्वरूप अधिकांश पत्थर गंगा में समाहित हो गए, जिससे सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ और कटान की समस्या आज भी बनी हुई है।

किसानों ने मुख्यमंत्री से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से धन की वसूली करने और भ्रष्टाचार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। धरनारत किसानों का कहना है कि जब तक गंगा कटान रोकने के लिए स्थायी एवं प्रभावी उपाय नहीं किए जाते, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

धरने में दीनानाथ श्रीवास्तव, शिवराज सिंह, दुर्गेश सिंह, अविनाश सिंह, चंद्रिका मौर्य, सुजीत सिंह, रंगीले यादव, अशोक यादव, अच्छे खान, गुड्डू यादव, नागेंद्र यादव और मौला अली सहित कई किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अवध यादव और रंगीले यादव ने संयुक्त रूप से की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *