Home / Uncategorized / सिंदूर गांव में अपना दल (एस) की जन चौपाल, स्वाभिमान दिवस को लेकर ग्रामीणों से संवाद

सिंदूर गांव में अपना दल (एस) की जन चौपाल, स्वाभिमान दिवस को लेकर ग्रामीणों से संवाद

सोनभद्र | पूर्वांचल राज्य संवाददाता – दीपू तिवारी

दुद्धी तहसील अंतर्गत ब्लॉक मेवरपुर क्षेत्र स्थित सिंदूर गांव में अपना दल (एस) की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रीति सिंह राजपूत द्वारा जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान 2 जुलाई को पार्टी के संस्थापक स्व. सोनेलाल पटेल की जयंती, जिसे हर वर्ष लखनऊ के गोमती नगर में “स्वाभिमान दिवस” के रूप में बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है, के संदर्भ में ग्रामीणों को जागरूक किया गया तथा अधिक से अधिक संख्या में लखनऊ पहुंचने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने अपनी क्षेत्रीय समस्याएं भी खुलकर रखीं। ग्राम प्रधान श्री राम सजीवन, जिन्होंने हाल ही में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है, ने गांव की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि सिंदूर गांव में मोबाइल नेटवर्क की गंभीर समस्या बनी हुई है, जिससे लोगों को दैनिक संचार एवं आवश्यक कार्यों में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

इसके साथ ही ग्राम प्रधान ने एक ज्ञापन सौंपते हुए सुझाव दिया कि क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए दो नावों की व्यवस्था की जाए, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिले और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर उत्पन्न हों। उन्होंने गांव में मोबाइल नेटवर्क सुविधा को सुदृढ़ करने की भी मांग की।

इस अवसर पर प्रीति सिंह राजपूत ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि पार्टी जनसमस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ना है और जन चौपाल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम में विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें विधानसभा उपाध्यक्ष (ओबरा) श्री दुर्गेश चौबे, जॉन उपाध्यक्ष गीता चौधरी, संस्कृत मंच की कुसुम चौरसिया, जॉन सदस्य परमेश्वर चौबे, सुषमा अग्रणी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे। सभी की उपस्थिति में ग्राम प्रधान एवं ग्रामीणों द्वारा ज्ञापन सौंपा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *