राजीव शंकर चतुर्वेदी
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। लखनऊ विश्वविद्यालय से सम्बद्ध भारतेंदु नाट्य अकादमी लखनऊ में परास्नातक के लिए संकल्प संस्था से दो कलाकारों का चयन हुआ है। अकादमी में प्रवेश हेतु कई चरणों से गुजरना होता है। इसमें अखिल भारतीय स्तर पर केवल 20 सीट है जिसमें संकल्प संस्था के दो रंगकर्मियों ने अपना स्थान बनाया है। रंगकर्मी ट्विंकल गुप्ता और शुभम सिंह। ट्विंकल विगत 10 वर्षों से संकल्प संस्था से जुड़ कर रंगकर्म कर रही है। दर्जनों नाटकों में अभिनय व निर्देशन कर चुकी ट्विंकल इससे पहले राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय वाराणसी सेंटर से इंडियन क्लासिकल थियेटर में एक वर्षीय सर्टिफिकेट कोर्स कर चुकी हैं। ट्विंकल को भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय से नेशनल स्कालरशिप अवार्ड भी मिल चुका है। गाजीपुर जनपद के रहने वाले शुभम सिंह संकल्प संस्था से विगत दो वर्षों से जुड़े हैं। इस दौरान इन्होने कई नाटकों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इससे पहले वे लखनऊ और वाराणसी में रहकर थियेटर करते थे। संकल्प के सचिव रंग निर्देशक व प्रशिक्षक आशीष त्रिवेदी ने दोनों कलाकारों को संस्था की ओर से बधाई देते हुए कहा कि मेहनत लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण सफलता जरूर दिलाती है । इनके इस सफलता से जनपद के और कलाकार प्रेरणा लेंगे और अभिनय के क्षेत्र में कैरियर बनाने को अग्रसर होंगे। उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति जबसे आई है इस क्षेत्र में कैरियर की संभावना बढ़ गई है। ट्विंकल और शुभम को इस शानदार सफलता के लिए बलिया के रंगकर्मियों और कला प्रेमियों ने शुभकामनाएं प्रेषित की है ।
ट्विंकल और शुभम का भारतेंदु नाट्य अकादमी में चयन से जनपद के रंगकर्मियों में उत्साह










