सोनभद्र | पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपू तिवारी
लखनऊ/ सोनभद्र जनपद के लिए गौरव का क्षण तब आया जब रेणुकूट स्थित हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड के बॉयलर को-जनरेशन विभाग में कार्यरत अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रवि सिंह को उनकी उत्कृष्ट खेल उपलब्धियों के लिए उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा लखनऊ में सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं ओबरा विधानसभा क्षेत्र (402) के पूर्व प्रत्याशी डॉ. रवि गोंड ‘बड़कू’ भी उपस्थित रहे। उन्होंने रवि सिंह को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
रवि सिंह ने रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट में आयोजित 8वीं वर्ल्ड क्वान की डो चैंपियनशिप-2026 में रजत पदक जीतकर भारत, उत्तर प्रदेश एवं सोनभद्र जनपद का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 37 देशों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था। रवि सिंह उत्तर प्रदेश के पहले क्वान की डो खिलाड़ी बने हैं, जिन्होंने विश्व चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
रवि सिंह इससे पूर्व भी कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने थाईलैंड में आयोजित ताइक्वांडो प्रतियोगिता में कांस्य पदक तथा नेपाल में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया था।
सम्मान समारोह के दौरान अखिलेश यादव ने रवि सिंह को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे इसी प्रकार मेहनत, लगन और समर्पण के साथ आगे बढ़ते रहें तथा भविष्य में भी देश और प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन करते रहें।
रवि सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता तथा हिण्डालको प्रबंधन को दिया। उन्होंने विशेष रूप से हिण्डालको के मुखिया समीर नायक, क्लस्टर एचआर हेड जसबीर सिंह एवं एचआर हेड अजय सिन्हा के सहयोग, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया।
रवि सिंह की यह उपलब्धि न केवल सोनभद्र बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। खेल जगत में उनकी यह सफलता जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। क्षेत्र में उनकी इस उपलब्धि को लेकर खुशी और गर्व का माहौल है।










