Home / Uncategorized / चंदौली जिले के धानापुर विकासखंड के गुरैनी गांव में चकबंदी प्रक्रिया में अनियमितता का आरोप

चंदौली जिले के धानापुर विकासखंड के गुरैनी गांव में चकबंदी प्रक्रिया में अनियमितता का आरोप

चंदौली जिले के धानापुर विकासखंड के गुरैनी गांव में चकबंदी प्रक्रिया में अनियमितता का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की और आरोप लगाया कि अधिकारी धन लेकर प्रभावशाली लोगों को लाभ पहुंचा रहे हैं, जिससे छोटे और सीमांत किसानों के हित प्रभावित हो रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि वे धारा-52 के तहत की जा रही कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। उनका आरोप है कि सड़क और गंगा किनारे स्थित मूल्यवान भूमि के आवंटन में पक्षपात किया गया है। कुछ लोगों से धन लेकर उनके पक्ष में चक काटे गए हैं, जिससे गांव के गरीब किसानों में भारी नाराजगी है।

ग्रामीण खरपत राम ने बताया कि गांव की आबादी लगभग तीन हजार है और यहां करीब एक हजार मतदाता हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकांश किसान लघु एवं सीमांत श्रेणी के हैं। प्रभावशाली लोग धनबल के सहारे गरीब किसानों की भूमि गंगा किनारे स्थानांतरित करा रहे हैं, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि वे लंबे समय से अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इससे निराश होकर किसानों ने सकलडीहा उपजिलाधिकारी से धरना-प्रदर्शन की अनुमति लेने का निर्णय किया है।

ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार को गुरैनी पंप कैनाल पहुंचे जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग से भी उन्होंने चकबंदी में कथित अनियमितताओं की शिकायत की और मौके का निरीक्षण कराने की मांग की। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि जिलाधिकारी ने व्यस्तता का हवाला देते हुए उनकी बात विस्तार से नहीं सुनी, जिससे उनमें मायूसी और नाराजगी बढ़ गई।

ग्रामीण हरिओम मिश्रा ने बताया कि चकबंदी के दौरान गरीब लोगों की जमीनों के साथ हेराफेरी की जा रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इसमें संलिप्त अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में वासुदेव निषाद, दशमी निषाद, महेंद्र निषाद, संतोष निषाद, दिलीप, राजेश, संजय, रामअवध, हरिओम मिश्रा और बालकिशन यादव सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *