Home / Uncategorized / चंदौली जिले की धानापुर पुलिस ने फर्जी रजिस्ट्री के एक मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया

चंदौली जिले की धानापुर पुलिस ने फर्जी रजिस्ट्री के एक मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया

चंदौली जिले की धानापुर पुलिस ने फर्जी रजिस्ट्री के एक मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के वीरभूमि जिले के हरिशपुर निवासी शहामुद्दीन शेख पुत्र मजीद शेख के रूप में हुई है। उसे धानापुर थाना क्षेत्र के सकरारी मोड़ के पास से पकड़ा गया।

इस फर्जीवाड़े का मास्टरमाइंड मनीष मिश्रा पुलिस द्वारा कुछ दिनों पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मनीष मिश्रा पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी व्यक्तियों को खड़ा करके जमीन की रजिस्ट्री कराने का आरोप है।

यह मामला धानापुर क्षेत्र के पूरा चेता दुबे गांव निवासी अरशद और सलाउद्दीन की पैतृक जमीनों से जुड़ा है। आरोप है कि मनीष मिश्रा ने उनकी अनुपस्थिति में उनकी जमीन की फर्जी रजिस्ट्री करा ली थी।

फर्जी रजिस्ट्री की जानकारी मिलने पर जमीन खरीदने वाली लक्ष्मीना देवी ने चंदौली के पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल से न्याय की गुहार लगाई थी। इसके बाद अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया और पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।

पुलिस के अनुसार, शहामुद्दीन शेख ने वादिनी मुकदमा को विश्वास में लेकर कूट रचित दस्तावेज तैयार किए। उसने स्वयं को अरशद पुत्र शम्सुद्दीन, निवासी पुरा चेता दूबे, धानापुर, चंदौली के स्थान पर खड़ा कर फर्जी रजिस्ट्री की। इसके अलावा, उसने अपने छोटे भाई जसामुद्दीन शेख पुत्र मजीद शेख के भी फर्जी कागजात तैयार कर उसे वास्तविक मालिक बनाकर रजिस्ट्री कराई।

इस प्रक्रिया में शहामुद्दीन ने चार लाख रुपये और उसके भाई ने साढ़े आठ लाख रुपये लिए। पुलिस ने आरोपी शहामुद्दीन शेख के खिलाफ धारा 318(4), 338, 336, 340(2), 319 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में SHO त्रिवेणीलाल सेन, उपनिरीक्षक संजय ओझा और हेड कांस्टेबल राजेश यादव शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *