Home / Uncategorized / कांग्रेस पार्टी का शिक्षा व्यवस्था की बदहाली के खिलाफ “छात्रों की गूंज” अभियान शुरू

कांग्रेस पार्टी का शिक्षा व्यवस्था की बदहाली के खिलाफ “छात्रों की गूंज” अभियान शुरू

राजीव शंकर चतुर्वेदी
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। देश में शिक्षा व्यवस्था की वर्तमान स्थिति, सरकारी विद्यालयों के बंद होने, शिक्षकों के रिक्त पदों तथा बढ़ती निजीकरण की प्रवृत्ति को लेकर कांग्रेस पार्टी ने “छात्रों की गूंज” अभियान प्रारंभ करने की घोषणा की है। यह जानकारी जिला कांग्रेस कमेटी, बलिया के अध्यक्ष उमाशंकर पाठक ने कहा कि पिछले एक दशक में शिक्षा बजट में लगातार कमी आई है। वर्ष 2005 में लगभग 71 प्रतिशत बच्चे सरकारी विद्यालयों में पढ़ते थे, जबकि आज यह संख्या घटकर लगभग 49 प्रतिशत रह गई है। इस दौरान बड़ी संख्या में सरकारी विद्यालय बंद हुए हैं तथा निजी विद्यालयों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा का निजीकरण आम परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ा रहा है। उन्होंने बताया कि देशभर में लाखों शिक्षकों के पद रिक्त हैं तथा अनेक विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का अभाव है। कई विद्यालयों में छात्राओं के लिए कार्यशील शौचालय तक उपलब्ध नहीं हैं, जिससे शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियाँ और स्पष्ट होती हैं। जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक ने आंकड़ा प्रस्तुत करते हुए कहा कि एक हजार छात्रों में बारह छात्र ही रोजगार पाते हैं, भारत सरकार का शिक्षा बजट 1.4 लाख करोड़ का है जबकि नीट की तैयारी करने वाले बच्चों का खर्च 1.32 लाख करोड़ है,तीन हजार छात्रों में एक आई ए एस,तीस आई आई टी में जाते हैं और तीन हजार छात्रों में एक सौ अस्सी डाक्टर बनते है। जिलाध्यक्ष श्री पाठक ने कहा कि शिक्षा को केवल वसूली तंत्र बनने से रोकने और छात्रों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने के उद्देश्य से कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई एवं युवा कांग्रेस द्वारा “छात्रों की गूंज” अभियान चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से सस्ती, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की मांग को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत जन नायक श्री राहुल गांधी जी राजस्थान के कोटा से एक विशाल रैली के माध्यम से आरंभ कर चुके हैं। इसके बाद प्रयागराज, पटना और दिल्ली सहित विभिन्न शहरों में छात्र संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें नेता प्रतिपक्ष जननायक राहुल गांधी भी छात्रों से संवाद करेंगे। इस अवसर पर संतोष चौबे, सत्य प्रकाश मुन्ना उपाध्याय, उषा सिंह, हीरा राम, शशिकांत मिश्रा, अबुल फैज़ आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *