Home / Uncategorized / जंसा पुलिस ने तीन चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ शातिर चोर को किया गिरफ्तार

जंसा पुलिस ने तीन चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ शातिर चोर को किया गिरफ्तार

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो वाराणसी

सेवापुरी। जंसा थाना पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे एवं निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर परमंदापुर स्थित फौजी तालाब के पास से अभियुक्त रविशंकर पटेल पुत्र वीरेंद्र पटेल, निवासी ग्राम अमवा कला, पोस्ट अमवा खुर्द, थाना चौरी, जनपद भदोही, उम्र लगभग 29 वर्ष को चोरी की एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान अभियुक्त की निशानदेही पर चोरी की कुल तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
पूछताछ में रविशंकर पटेल ने बताया कि वह विभिन्न स्थानों, विशेषकर शादी समारोहों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें कम कीमत पर बेच देता था। उसने स्वीकार किया कि बरामद हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को फरवरी माह में बाबतपुर क्षेत्र के कैथोली गांव से चोरी किया था। वहीं स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल को कपसेठी थाना क्षेत्र के मझगवां कला गांव से चोरी किया था।
अभियुक्त ने यह भी बताया कि तीसरी बिना नंबर प्लेट की हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल उसने वाराणसी शहर क्षेत्र से चोरी की थी। चोरी के बाद दोनों मोटरसाइकिलों को देवता तालाब (संजोई) के पास झाड़ियों में छिपाकर रखा था, जिन्हें बाद में बेचने की योजना थी।
पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर दोनों छिपाई गई मोटरसाइकिलें भी बरामद कर लीं। जंसा थाना पुलिस अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की जांच करते हुए मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *