Home / Uncategorized / लाखों के जेवरात और नकदी पर चोरी, 25 दिन बाद मुकदमा दर्ज

लाखों के जेवरात और नकदी पर चोरी, 25 दिन बाद मुकदमा दर्ज

परिवार के बाहर रहने का उठाया फायदा, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने शुरू की जांच

पूर्वांचल राज्य वाराणसी।

चोलापुर थाना क्षेत्र के चंदापुर चौकी अंतर्गत ग्राम साई में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में करीब 25 दिन बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।
ग्राम साई निवासी अजीत कुमार सिंह पुत्र हरिनाथ सिंह ने चोलापुर थाने में दी गई तहरीर में बताया कि वह 30 मई को पूरे परिवार के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ससुराल गए थे। इसी दौरान 30-31 मई की रात अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान को निशाना बना लिया। चोरों ने मुख्य दरवाजे और अलमारी का ताला तोड़कर घर में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
परिवार के लौटने पर घर का सामान बिखरा पड़ा मिला और अलमारी के ताले टूटे हुए थे। काफी खोजबीन के बाद भी चोरी गए सामान का कोई सुराग नहीं लगा, जिसके बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के अनुसार चोर एक सोने का मंगलसूत्र, लगभग 30 ग्राम का चांदी का लकेट, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने की चेन, 67,600 रुपये नकद तथा अन्य मूल्यवान घरेलू सामान चोरी कर ले गए। पीड़ित ने घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराया है।
प्रभारी निरीक्षक चोलापुर सधुबन राम गौतम ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना के खुलासे का प्रयास किया जाएगा।
घटना के बाद ग्राम साई सहित आसपास के ग्रामीणों में दहशत और नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने तथा चोरी की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि चंदापुर चौकी क्षेत्र में पूर्व में भी कई चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अधिकांश मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *