चंदौली जिले के धानापुर ब्लॉक परिसर के सभागार में संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया गया। यह अभियान बरसात से पहले संचारी रोगों के नियंत्रण के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यकर्ताओं को बताया गया कि यदि गांव में किसी को दो हफ्ते से अधिक खांसी, सोते समय बुखार, क्षय रोग, फाइलेरिया, कुपोषण या कुष्ठ रोग के लक्षण दिखें, तो उनकी पहचान कर नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा जाए।
सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को ओआरएस घोल के लिए डिपो बनाया गया है, जहां यह घोल उपलब्ध रहेगा।
अभियान में यह भी जानकारी दी गई कि यदि किसी को कुत्ता, बिल्ली या बंदर काट ले, तो कटे हुए स्थान को 15 मिनट तक साबुन से धोना चाहिए, जिससे लार्वा खत्म हो जाता है। इसके बाद तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भेजना आवश्यक है, जहां निःशुल्क इंजेक्शन उपलब्ध हैं।
इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीसीपीएम विनय कुमार, एचईओ कलिका प्रसाद, एआरओ इंद्रजीत, अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर, आईसीडीएस शकुंतला देवी और चंद्राकला सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।









