अमृतसर, 27 जून – (राजू वालिया) – गांव मुला बहिराम में गद्दीनशीन बाबा बलदेव सिंह की अगुवाई में बाबा फकीर शाह जी का सालाना जोड़ मेला हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रद्धा, आस्था और भव्यता के साथ मनाया गया। समस्त साध-संगत एवं क्षेत्रवासियों के सहयोग से आयोजित इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर बाबा फकीर शाह जी के दरबार में माथा टेका तथा आशीर्वाद प्राप्त किया। मेले के दौरान सभी धार्मिक रस्में पूरे श्रद्धा भाव से संपन्न कराई गईं। दूर-दराज़ से पहुंची संगत के लिए गुरु का अटूट लंगर निरंतर चलता रहा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सेवा में जुटे सेवादारों ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। पूरे मेले में भाईचारे, प्रेम और सामाजिक एकता का सुंदर वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर पंजाब की प्रसिद्ध दो-गायकी जोड़ी राज अटलगढ़ ने अपने खुले अखाड़े के माध्यम से शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। लोकगीतों और मनोरंजक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को देर तक मंत्रमुग्ध बनाए रखा। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।मेले के समापन के उपरांत लड़कियों की रोमांचक कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बाबा दित्ता मल जी कबड्डी क्लब, ख्याला (सूबेदार सुबेग सिंह) तथा धन्न-धन्न शहीद बाबा सिद्ध सिलवरा कबड्डी क्लब, सारंगड़ा की टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। दोनों टीमों की खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रतिभा का परिचय देते हुए दर्शकों की भरपूर सराहना प्राप्त की प्रतियोगिता के समापन अवसर पर गांव के वर्तमान सरपंच जीवन सिंह की अगुवाई में विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सरपंच जीवन सिंह ने विजेता टीम को 5,100 रुपये नकद पुरस्कार भी प्रदान किया। इसके अलावा पास्टर राजेश हंस, ब्रदर नानक सिंह तथा मलकीत सिंह हंस ने भी विजेता खिलाड़ियों को विशेष रूप से सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर दलवीर सिंह, निंदर सिंह, पूर्व सरपंच नरेंद्र सिंह, मेजर सिंह, कवलजीत सिंह सहित गांव की अनेक गणमान्य हस्तियां, खेल प्रेमी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं, सेवादारों, दानदाताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने की अपील की।
बाबा फकीर शाह जी का सालाना जोड़ मेला श्रद्धा एवं उल्लास के साथ संपन्न, कबड्डी प्रतियोगिता में विजेता टीम को किया सम्मानित









