पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
घुघली थाना परिसर में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में कुल 16 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से चार का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त सभी शिकायतें राजस्व से संबंधित थीं। इस दौरान पोखरभिंडा निवासी दिव्यांग बहादुर पुत्र शिवनारायण ने जमीन के सौदे में कथित धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई।
बहादुर ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि बूड़ाडीह कला निवासी एक व्यक्ति, जो इंडियन बैंक की सोल्यैना शाखा में कैशियर के पद पर कार्यरत है, ने उनकी चार डिसमिल जमीन 10 लाख रुपये प्रति डिसमिल की दर से खरीदने का सौदा किया था। आरोप है कि सौदे के दौरान 1.60 लाख रुपये अग्रिम दिए गए और शेष राशि बैनामा के दिन बैंक खाते में भेजने की बात कही गई। लेकिन बैनामे के दिन उनके खाते में केवल 8.40 लाख रुपये ही भेजे गए, जबकि तय राशि के अनुसार उन्हें अधिक भुगतान मिलना था।
शिकायतकर्ता का कहना है कि पूरी रकम न मिलने की जानकारी होने पर उन्हें गहरा सदमा लगा और तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ धोखाधड़ी की गई है तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने जमीन के वास्तविक बाजार मूल्य की भी जांच कराने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।










