पूर्वांचल राज्य संवाददाता: दीपू तिवारी
सोनभद्र, 27 जून। थाना शक्तिनगर पुलिस ने बलियानाला पुलिया नंबर-10 के पास से कथित रूप से चोरी की टेलीफोन केबल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न लंबाई की केबल बरामद करने का दावा किया है, जबकि चोरी का माल खरीदने के आरोप में एक अन्य वांछित आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 26 जून को थाना शक्तिनगर में मु0अ0सं0 125/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ई) में मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर मामले में धारा 317(2) एवं 331(4) बीएनएस भी बढ़ाई गई हैं।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश एवं सूचना के आधार पर बलियानाला पुलिया नंबर-10 के पास से सुग्रीव रावत (24) एवं मनीष (20) को गिरफ्तार किया गया। दोनों वर्तमान में सिम्पलेक्स कॉलोनी, थाना विन्ध्यनगर, जिला सिंगरौली (मध्य प्रदेश) के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से विभिन्न लंबाई की भूरे रंग की टेलीफोन केबल तथा बहुरंगी केबल बरामद की गई है। मामले में कथित रूप से चोरी का माल खरीदने वाले बब्बन निवासी सिम्पलेक्स कॉलोनी, थाना विन्ध्यनगर, जिला सिंगरौली (मध्य प्रदेश) की गिरफ्तारी अभी शेष है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रंजीत कुमार, उपनिरीक्षक रामबचन सिंह यादव, मुख्य आरक्षी दिनेश कुमार भारती एवं आरक्षी अमृतलाल की टीम ने की।










