पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
महराजगंज। श्यामदेउरवा मुख्य चौराहे पर शनिवार शाम एक तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रेलर ने जमकर कहर बरपाया। ट्रेलर ने पहले एक बाइक सवार को टक्कर मारी और फिर स्कूटी सवार दो युवतियों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के दौरान स्कूटी ट्रेलर के नीचे फंस गई और करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई। इस भयावह दुर्घटना में बाइक सवार बेचू और स्कूटी चला रही अर्चना गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि साथ में मौजूद साधना बाल-बाल बच गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परतावल से गोरखपुर की ओर जा रहा ट्रेलर तेज गति में था। श्यामदेउरवा मुख्य चौराहे पर पहुंचते ही उसने पहले ग्राम पंचायत रामपुर चकिया निवासी बेचू की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रेलर अनियंत्रित होकर स्थानीय थाना क्षेत्र के छपिया निवासी अर्चना और साधना की स्कूटी से जा भिड़ा।
हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी ट्रेलर के नीचे फंस गई और करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटती रही। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए ट्रेलर को रुकवाया और स्कूटी सवार युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाला। अर्चना को गंभीर चोटें आईं, जबकि बाइक सवार बेचू भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने एम्बुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए परतावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा। हादसे के बाद कुछ देर तक चौराहे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि दुर्घटना में घायल दोनों लोगों को इलाज के लिए परतावल सीएचसी भेजा गया है। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी तथा दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।
बेकाबू ट्रेलर का कहर: बाइक और स्कूटी को रौंदा, 50 मीटर तक घसीटी स्कूटी; दो गंभीर घायल










