Home / Uncategorized / NH-24 पर पुलिस का ‘जीरो फेटेलिटी ड्राइव’ अभियान: 12 वाहनों पर कार्रवाई, ₹24 हजार का जुर्माना

NH-24 पर पुलिस का ‘जीरो फेटेलिटी ड्राइव’ अभियान: 12 वाहनों पर कार्रवाई, ₹24 हजार का जुर्माना

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
महराजगंज। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन में थाना फरेंदा पुलिस ने फरेंदा–सोनौली अंतर्राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-24) पर ‘जीरो फेटेलिटी ड्राइव (ZFD)’ के तहत विशेष यातायात जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने स्पीड राडार गन की मदद से वाहनों की रफ्तार की जांच की। निर्धारित गति सीमा से अधिक गति से चल रहे वाहनों को रोककर उनके खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। इसके अलावा यात्री बसों में फायर सिलेंडर, इमरजेंसी एग्जिट, प्राथमिक सुरक्षा उपकरण एवं अन्य अनिवार्य सुरक्षा मानकों का भी गहन निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान 08 ओवरस्पीड वाहनों और 04 ऐसे यात्री वाहनों, जिनमें सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था, के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 12 वाहनों का चालान किया गया। इस कार्रवाई के तहत ₹24,000 का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया।
थाना फरेंदा पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, सीट बेल्ट एवं हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा यात्री वाहनों में सभी सुरक्षा उपकरण दुरुस्त रखने की सलाह दी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ‘जीरो फेटेलिटी ड्राइव’ का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को शून्य के करीब लाना है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *