Home / Uncategorized / “‘हर घर जल’ के दावों पर सवाल: दिव्यांग महिला के घर एक साल से नहीं पहुंचा पानी, डीएम से लगाई गुहार”

“‘हर घर जल’ के दावों पर सवाल: दिव्यांग महिला के घर एक साल से नहीं पहुंचा पानी, डीएम से लगाई गुहार”

पूर्वांचल राज्य | काजल तिवारी

कानपुर देहात। शासन की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के तहत हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जनपद के मलासा विकासखंड स्थित ग्राम सिथरा खुर्द में एक दिव्यांग महिला पिछले करीब एक वर्ष से पेयजल संकट झेलने को मजबूर है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान न होने पर पीड़िता ने जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है।

ग्राम सिथरा खुर्द निवासी दिव्यांग नीतू देवी ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं तथा बिना सहारे के चल-फिर नहीं सकतीं। उन्होंने आरोप लगाया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत गांव के अधिकांश घरों में नियमित रूप से पेयजल आपूर्ति हो रही है, लेकिन उनके घर की पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण पिछले लगभग एक वर्ष से उनके घर में पानी नहीं पहुंच रहा है।

पीड़िता का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। पानी की आपूर्ति बाधित होने से उन्हें दैनिक कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दिव्यांग होने के कारण दूर से पानी लाना भी उनके लिए मुश्किल बना हुआ है।

नीतू देवी ने जिलाधिकारी से क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कराकर पेयजल आपूर्ति बहाल कराने तथा दिव्यांगजन हित में ट्राई साइकिल उपलब्ध कराए जाने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन पीड़िता की समस्या का समाधान कब तक कर पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *