कव्वालों ने रूहानी कलाम से बांधा समां, श्रद्धालुओं के लिए अटूट लंगर का आयोजन
अमृतसर, 01 जुलाई – (राजू वालिया) – हिमालया मिल परिसर, नरैणगढ़ स्थित पीर बाबा लाख दाता जी खूह वाली सरकार का वार्षिक जोड़ मेला मुख्य सेवादार बब्बलू वडाली की अगुवाई तथा समस्त सेवादारों के सहयोग से श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर अमृतसर सहित पंजाब के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पीर बाबा जी के दरबार में मत्था टेका, आशीर्वाद प्राप्त किया तथा मेले की धार्मिक और सांस्कृतिक रौनक का आनंद लिया। मुख्य सेवादार बब्बलू वडाली ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी मेले की शुरुआत 30 जून की रात्रि 8 बजे मेहंदी की रस्म के साथ की गई। इस अवसर पर प्रसिद्ध कव्वालों ने सूफियाना कलाम और रूहानी कव्वालियां प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पीर बाबा जी की शान में प्रस्तुत किए गए सूफियाना कलाम को संगत ने अत्यंत श्रद्धा और प्रेमपूर्वक सुना तथा पूरी श्रद्धा से बाबा जी का गुणगान किया। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई को मुख्य वार्षिक मेले का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कव्वालों ने अपनी मधुर और रूहानी प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को भक्ति एवं सूफियाना रंग में रंग दिया। श्रद्धालुओं ने पीर बाबा जी के दरबार में मत्था टेककर अपने परिवार की सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि के साथ-साथ देश एवं पंजाब की उन्नति के लिए प्रार्थना की। मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए अटूट गुरु का लंगर भी आयोजित किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद स्वरूप लंगर ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान समस्त सेवादारों ने बढ़-चढ़कर सेवा निभाई तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से कीं, जिसकी संगत ने सराहना की।इस अवसर पर परमजीत सिंह चांदी, कवलजीत कौर, नीलम बाला, गुरमीत सिंह, रिहान, राजविंदर कौर, गुरप्रीत सिंह, शिवानी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सरबत के भले, देश एवं पंजाब की खुशहाली, अमन-शांति और तरक्की की अरदास के साथ किया गया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में गहरी आस्था, सेवा भावना और धार्मिक उत्साह देखने को मिला।









