Home / Uncategorized / गांव चीचा में पीर बाबा सादर शाह व पीर बाबा वन पीर शाह सरकार का वार्षिक जोड़ मेला श्रद्धा व उत्साह के साथ संपन्न

गांव चीचा में पीर बाबा सादर शाह व पीर बाबा वन पीर शाह सरकार का वार्षिक जोड़ मेला श्रद्धा व उत्साह के साथ संपन्न

अमृतसर, 6 जुलाई (राजू वालिया) – गांव चीचा में पीर बाबा सादर शाह जी एवं पीर बाबा वन पीर शाह जी सरकार का वार्षिक जोड़ मेला सोमवार को गांव के सरपंच मुखमीत सिंह की देखरेख में, समूची ग्राम पंचायत, गांव वासियों के सहयोग तथा गद्दी नशीन बाबा गज्जू साईं की अगुवाई में अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दूर-दराज़ क्षेत्रों से पहुंचकर माथा टेका, अरदास की तथा पीरों का आशीर्वाद प्राप्त किया।.इस अवसर पर बाबा भोला पद्धरी ने विशेष रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई और संगत को आशीर्वाद दिया। मेले के दौरान धार्मिक वातावरण के बीच श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। गांव के सरपंच मुखमीत सिंह ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि यह ऐतिहासिक जोड़ मेला हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पूरे श्रद्धा भाव और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि 5 जुलाई, रविवार को मेहंदी एवं झंडा चढ़ाने की रस्म विधिवत निभाई गई, जिसके साथ मेले की शुरुआत हुई। इसके उपरांत 6 जुलाई, सोमवार को मुख्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मेले की रौनक को चार चांद लगाने के लिए प्रसिद्ध कलाकार सिस्टर गिल, जगपाल संधू तथा एस.एस. सिद्धू ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से संगत को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत धार्मिक एवं सूफियाना गीतों पर श्रद्धालु देर तक आनंदित होते रहे और पूरे मेले का वातावरण भक्तिमय बना रहा। मेले में पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने पीरों की दरगाह पर हाजिरी लगाई तथा परिवार की सुख-समृद्धि और समाज में अमन-शांति की कामना की। इस अवसर पर संगत के लिए ठंडे-मीठे जल की छबील तथा गुरु का अटूट लंगर पूरे श्रद्धा भाव से वितरित किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।इस अवसर पर गुरकांत सिंह, प्रिंस भकना, सभा प्रधान कसैल, मनजीत सिंह भकना, मिठू रहमत, राजू हेड, संदीप नाहर, साबू भकना, करतार सिंह, मलकीत सिंह (मेंबर), डॉ. गुरजीत सिंह, टोनी भकना सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति, पंचायत सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने मेले के सफल आयोजन पर ग्राम पंचायत, सेवादारों तथा सहयोगी संगठनों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सामाजिक एवं धार्मिक एकता के साथ ऐसे आयोजनों को जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *