Home / Uncategorized / लकड़ी फर्नीचर कारोबार को मिलेगा नया सहारा, ओडीओपी योजना में 10 दिवसीय मुफ्त प्रशिक्षण व टूलकिट

लकड़ी फर्नीचर कारोबार को मिलेगा नया सहारा, ओडीओपी योजना में 10 दिवसीय मुफ्त प्रशिक्षण व टूलकिट

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
20 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन, 18 वर्ष से अधिक आयु के इच्छुक युवाओं और कारीगरों को मिलेगा लाभ

महराजगंज। जिले में एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के तहत वर्ष 2026-27 के लिए चयनित उत्पाद लकड़ी फर्नीचर से जुड़े युवाओं, कारीगरों और उद्यमियों के लिए सुनहरा अवसर उपलब्ध कराया गया है। शासन के निर्देश पर जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र द्वारा 10 दिवसीय दक्षता, कौशल एवं उद्यमिता विकास प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद पात्र अभ्यर्थियों को निःशुल्क टूलकिट भी प्रदान की जाएगी।
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन की तिथि तक अभ्यर्थी की आयु कम से कम 18 वर्ष होना अनिवार्य है। इस योजना के लिए किसी भी प्रकार की शैक्षिक योग्यता निर्धारित नहीं की गई है, जिससे अधिक से अधिक इच्छुक कारीगर और युवा इसका लाभ उठा सकें।
विभाग के अनुसार, जिन अभ्यर्थियों ने पिछले दो वर्षों में केंद्र या राज्य सरकार की किसी अन्य योजना के तहत संबंधित उत्पाद की टूलकिट प्राप्त की है, वे इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे। साथ ही एक परिवार (पति-पत्नी) से केवल एक सदस्य को ही योजना का लाभ दिया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी 20 जुलाई 2026 को सायं 5 बजे तक विभागीय वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी और सहायता के लिए जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, महराजगंज में किसी भी कार्य दिवस पर संपर्क किया जा सकता है।
उपायुक्त उद्योग नीरज कुमार सिंह ने अधिक से अधिक पात्र युवाओं एवं कारीगरों से समय सीमा के भीतर आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *