पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
विशेष न्यायाधीश के गैर-जमानती वारंट पर आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय भेजा गया
महराजगंज। अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिंदुरिया पुलिस ने पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक मामले में फरार चल रहे गैर-जमानती वारंटी (एनबीडब्ल्यू) को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंटों के अनुपालन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) द्वारा जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सोनवल निवासी 29 वर्षीय इन्द्रजीत पुत्र प्रेम चौधरी को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी की कार्रवाई उपनिरीक्षक मिथिलेश कुमार, हेड कांस्टेबल बृजेश यादव, कांस्टेबल आदर्श सिंह एवं कांस्टेबल सौरभ दुबे की टीम ने की। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी का चालान न्यायालय भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 351(3), 352, 64(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि न्यायालय से जारी वारंटों के अनुपालन और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।










