Home / Uncategorized / चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के नौली गांव में रोटावेटर की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत

चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के नौली गांव में रोटावेटर की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत

चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के नौली गांव में रोटावेटर की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना गांव के उत्तर दिशा में स्थित सिवान में खेत की जुताई के दौरान हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान तोरवा गांव निवासी स्वर्गीय शमशेर सिंह के 30 वर्षीय पुत्र नीलेश सिंह उर्फ पंकज सिंह के रूप में हुई है। नौली गांव निवासी दीपक सिंह ‘मटरू’ का ट्रैक्टर था, जिसे तोरवा गांव निवासी हरिमोहन सिंह चला रहे थे। वे नौली गांव के उत्तर दिशा में स्थित एक खेत की जुताई कर रहे थे।

सोमवार शाम लगभग 6:30 बजे, ट्रैक्टर पर बैठा पंकज सिंह अचानक नीचे गिर गया और रोटावेटर की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पंकज सिंह अपने तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके दो बड़े भाई बाहर नौकरी करते हैं, जबकि पंकज घर पर रहकर खेती-बाड़ी का काम संभालते थे। कुछ महीने पहले ही उनके दूसरे भाई की शादी हुई थी।

घटना की सूचना मिलते ही धानापुर थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। बारिश होने के कारण शव को खेत से निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने पानी में भीगते हुए शव को बाहर निकाला और आगे की जांच शुरू की।

थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि ट्रैक्टर से खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर पर बैठा व्यक्ति अचानक गिर गया और रोटावेटर की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा जा रहा है। घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *