Home / Uncategorized / सीमा पार ड्रग सिंडिकेट पर काउंटर इंटेलिजेंस का बड़ा प्रहार, 25 किलो हेरोइन सहित तीन तस्कर गिरफ्तार

सीमा पार ड्रग सिंडिकेट पर काउंटर इंटेलिजेंस का बड़ा प्रहार, 25 किलो हेरोइन सहित तीन तस्कर गिरफ्तार

अमृतसर, 7 जुलाई – (राजू वालिया) – पंजाब में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत काउंटर इंटेलिजेंस, अमृतसर ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा पार संचालित ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 25 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। शुरुआती जांच में इस नेटवर्क के तार पाकिस्तान में बैठे ड्रग तस्करों से जुड़े होने के संकेत मिले हैं पुलिस सूत्रों के अनुसार काउंटर इंटेलिजेंस को लंबे समय से इस गिरोह की गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। पुख्ता इनपुट मिलने के बाद विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई, जिसके दौरान तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में हेरोइन बरामद की गई। इस कार्रवाई को हाल के समय में अमृतसर क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ सबसे महत्वपूर्ण सफलताओं में से एक माना जा रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी सीमा पार बैठे एक बड़े तस्कर के निर्देशों पर काम कर रहे थे। उनका काम पंजाब के अलग-अलग इलाकों से हेरोइन की खेप एकत्रित कर उसे राज्य के विभिन्न जिलों में सप्लाई करना था। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह का नेटवर्क कई जिलों तक फैला हुआ है और इसमें कई अन्य लोग भी शामिल हैं। इस मामले में थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच एजेंसियां अब गिरफ्तार आरोपियों के पुराने और नए संपर्कों, आर्थिक लेन-देन, मोबाइल फोन, डिजिटल रिकॉर्ड तथा सीमा पार मौजूद उनके आकाओं से जुड़े हर पहलू की गहन पड़ताल कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच का मुख्य उद्देश्य पूरे ड्रग सिंडिकेट की सप्लाई चेन को ध्वस्त करना है। यह पता लगाया जा रहा है कि हेरोइन की खेप सीमा पार से किस माध्यम से भारत पहुंची, किन-किन लोगों तक इसकी आपूर्ति की जानी थी और इस नेटवर्क को आर्थिक मदद कौन उपलब्ध करा रहा था। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान कई और अहम खुलासे हो सकते हैं तथा जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी संभव है। पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य में सीमा पार से संचालित नशा तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ अभियान पूरी सख्ती से जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों, उनके सहयोगियों और आर्थिक रूप से मदद करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। पंजाब को नशामुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *