स्वच्छ पेयजल के साथ मरीजों और तीमारदारों के लिए बेहतर बैठने की व्यवस्था, CSR पहल की सराहना
पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
सोनभद्र रेणुकूट। मरीजों और उनके तीमारदारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट ने CSR पहल के तहत ईएसआई अस्पताल परिसर में आरओ युक्त वाटर कूलर एवं 30 स्टील विजिटर चेयर उपलब्ध कराई हैं। इस सुविधा से अस्पताल आने वाले मरीजों, परिजनों और आगंतुकों को स्वच्छ पेयजल के साथ प्रतीक्षा के दौरान बैठने की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड की ओर से वरिष्ठ अधिकारी यशवंत कुमार, अनिल झा, सुशील ब्रह्मचारी एवं डॉ. डीपी सक्सेना उपस्थित रहे। वहीं ईएसआई अस्पताल के अधीक्षक डॉ. ए.के. त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों की उपस्थिति में आरओ वाटर कूलर एवं 30 स्टील विजिटर चेयर का औपचारिक रूप से हस्तांतरण किया गया। अस्पताल में प्रतिदिन उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श के लिए आने वाले मरीजों तथा उनके साथ रहने वाले परिजनों के लिए स्वच्छ पेयजल और बैठने की सुविधा महत्वपूर्ण है। हिंडाल्को की इस पहल से अस्पताल में प्रतीक्षा करने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। अस्पताल प्रशासन ने CSR सहयोग के लिए हिंडाल्को प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे मरीज हित में उपयोगी पहल बताया। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड की ओर से CSR के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में विभिन्न जनहितकारी कार्य किए जा रहे हैं। ईएसआई अस्पताल में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना भी इसी सामाजिक सरोकार का हिस्सा है।
कार्यक्रम के दौरान हिंडाल्को CSR विभाग से सचिन सिंह, प्रदीप सोनी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










