Home / Uncategorized / राष्ट्रीय मास्टर्स स्विमिंग में सोनभद्र की लहर, गोपाल सिंह करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व

राष्ट्रीय मास्टर्स स्विमिंग में सोनभद्र की लहर, गोपाल सिंह करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व

22वीं राष्ट्रीय चैंपियनशिप में यूपी टीम का हिस्सा बने सोनभद्र के इकलौते तैराक, पदक पर नजर

पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी

सोनभद्र रेणुकूट तैराकी के राष्ट्रीय मंच पर सोनभद्र की पहचान और मजबूत होने जा रही है। स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) की ओर से हरियाणा के बहादुरगढ़ में 11 से 13 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाली 22वीं राष्ट्रीय मास्टर्स स्विमिंग चैंपियनशिप में सोनभद्र के तैराक गोपाल सिंह उत्तर प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। उत्तर प्रदेश स्विमिंग एसोसिएशन की ओर से घोषित टीम में गोपाल सिंह जिले से चयनित एकमात्र तैराक हैं। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड के वित्त एवं लेखा विभाग में कार्यरत गोपाल सिंह प्रतियोगिता में अपनी आयु वर्ग की विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में वह उत्तर प्रदेश के साथ सोनभद्र का भी प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
हरियाणा के बहादुरगढ़ में आयोजित होने वाली इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से करीब एक हजार मास्टर्स तैराकों के शामिल होने की उम्मीद है। ऐसे में राष्ट्रीय स्तर पर सोनभद्र की खेल प्रतिभा को पहचान दिलाने के लिए गोपाल सिंह के सामने बड़ा अवसर है प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए गोपाल सिंह हरियाणा रवाना होंगे। उन्होंने बेहतर प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल करने तथा हिंडाल्को एवं सोनभद्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने का लक्ष्य रखा है। गोपाल सिंह के चयन पर सोनभद्र जिला प्रशासन, हिंडाल्को के वरिष्ठ अधिकारियों, खेल प्रेमियों एवं विभिन्न खेल संघों से जुड़े लोगों ने खुशी जताई। सभी ने उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए पदक जीतने की उम्मीद जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *