Home / Uncategorized / हनुमानगढ़ी नाले में कूदा युवक, दूसरे दिन उतराता मिला शव

हनुमानगढ़ी नाले में कूदा युवक, दूसरे दिन उतराता मिला शव

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली) पल्टू मिश्रा
बिजली के करंट से बंदर की मौत के बाद नाले में छलांग लगाने की चर्चा; नगर चौकी प्रभारी ने देर रात तक चलाया तलाशी अभियान, धीरेंद्र उर्फ पेंटर की मौत से मचा कोहराम

महराजगंज। नगर पंचायत घुघली के वार्ड नंबर-2 निवासी धीरेंद्र उर्फ पेंटर (40) पुत्र रामनारायण का शव शुक्रवार सुबह हनुमानगढ़ी नाले में उतराता मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। बेटे की मौत की खबर सुनकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को घुघली टैक्सी स्टैंड के समीप नाले के पास लगे बिजली के पोल पर चढ़े एक बंदर की विद्युत स्पर्शाघात से मौत हो गई थी। इसी दौरान धीरेंद्र कथित तौर पर उसी स्थान के पास बैठा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद धीरेंद्र ने अपनी चप्पल उतारी और नाले में छलांग लगा दी। देखते ही देखते वह पानी में लापता हो गया।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लापता युवक की तलाश शुरू कराई। नगर चौकी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देर रात तक नाले में तलाशी अभियान चलाया। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस के साथ मिलकर काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन रात तक धीरेंद्र का कोई सुराग नहीं मिल सका।
शुक्रवार सुबह नाले में शव उतराता दिखाई देने पर इलाके में फिर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। शव मिलने की खबर घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
हालांकि धीरेंद्र ने नाले में छलांग किन परिस्थितियों में लगाई, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पानी में कूदने के पीछे क्या कारण था, यह जांच का विषय है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचना पोस्टमार्टम व पुलिस जांच के बाद ही संभव होगा।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *