Home / Uncategorized / स्कूल में घुसा युवक,लखीमपुर खीरी में शिक्षिका को मारी गोली; फिर खुद को भी किया शूट, दोनों की मौत

स्कूल में घुसा युवक,लखीमपुर खीरी में शिक्षिका को मारी गोली; फिर खुद को भी किया शूट, दोनों की मौत

लखीमपुर खीरी में स्कूल के भीतर हुई गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। एक युवक ने स्कूल में घुसकर महिला शिक्षिका की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने उसी हथियार से खुद को भी गोली मार ली। घटना में दोनों की मौत हो गई। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में सोमवार सुबह एक स्कूल के अंदर हुई फायरिंग से छात्रों और शिक्षकों में दहशत फैल गई। शाहपुरा कोठी इलाके के चिल्ड्रेन एकेडमी स्कूल में एक युवक महिला शिक्षिका से मिलने पहुंचा था। कुछ देर बातचीत के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद युवक ने शिक्षिका पर गोली चला दी।पुलिस के मुताबिक, मृत शिक्षिका की पहचान 26 वर्षीय निशात फातिमा के रूप में हुई है। वहीं, गोली चलाने वाले युवक की पहचान 28 वर्षीय सऊद अंसारी के तौर पर हुई है। गोली लगने के बाद निशात फातिमा की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद सऊद अंसारी ने भी खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी भी जान चली गई।

फायरिंग की आवाज सुनते ही स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। छात्र डरकर अपनी-अपनी कक्षाओं में चले गए। शिक्षकों ने बच्चों को संभालने की कोशिश की और तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से हथियार समेत अन्य साक्ष्य जुटाए गए हैं। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना से पहले और बाद की पूरी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

फिलहाल पुलिस दोनों के बीच हुए विवाद की वजह और युवक के स्कूल पहुंचने के मकसद की जांच कर रही है। मामले में अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *