टोल प्लाजा से 200 मीटर पहले बाइक में टक्कर; युवक घायल, हादसे का आंदोलन से संबंध नहीं : पुलिस
पूर्वांचल राज्य वाराणसी (चोलापुर)।

राष्ट्रीय राजमार्ग-233 पर ढेरही टोल प्लाजा के समीप बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल वृद्ध को बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस हादसे का ढेरही टोल प्लाजा पर चल रहे किसान आंदोलन से कोई संबंध नहीं है।
जानकारी के अनुसार चोलापुर थाना क्षेत्र के तराव गांव निवासी मृत्युंजय सिंह उर्फ मुन्ना (60) पुत्र स्व. सतनारायण सिंह अपने साथी अंकित सिंह (28) के साथ बाइक से वाराणसी से आजमगढ़ की ओर जा रहे थे। दोनों ढेरही टोल प्लाजा से करीब 200 मीटर पहले पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार एक ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहे थे, तभी पीछे से तेज गति से आ रही एक डिजायर कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। आरोप है कि कार चालक दुर्घटना के बाद वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद मृत्युंजय सिंह की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
दो पुत्रों के सिर से उठा पिता का साया
मृत्युंजय सिंह अपने पीछे पत्नी मंजू सिंह और दो पुत्रों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनका बड़ा पुत्र रितेश सिंह सहारनपुर में पुलिस उपनिरीक्षक के पद पर तैनात है, जबकि छोटा पुत्र विनीत सिंह परिवार के साथ गांव में रहता है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
हादसे को लेकर फैली चर्चाएं
दुर्घटना ऐसे समय हुई, जब ढेरही टोल प्लाजा पर किसान संगठनों का विरोध प्रदर्शन चल रहा था और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था। घटना के बाद कुछ लोगों ने दुर्घटना को आंदोलन से जोड़कर चर्चाएं शुरू कर दीं। हालांकि पुलिस और प्रशासन ने ऐसी अटकलों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि हादसा सड़क दुर्घटना का मामला है और इसका किसान आंदोलन से कोई संबंध नहीं है।
पुलिस कर रही फरार चालक की तलाश
एसडीएम सदर और एसीपी सारनाथ ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना अलग परिस्थितियों में हुई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा फरार कार चालक की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हादसे ने क्षेत्र में शोक का माहौल पैदा कर दिया है, वहीं पुलिस दुर्घटना में शामिल वाहन और चालक की पहचान में जुटी हुई है।










