Home / Uncategorized / शौचालय सुविधा से वंचित प्रेमनगर के ग्रामीणों की आवाज बनीं प्रीति सिंह राजपूत, नेतृत्व में डीएम को ज्ञापन

शौचालय सुविधा से वंचित प्रेमनगर के ग्रामीणों की आवाज बनीं प्रीति सिंह राजपूत, नेतृत्व में डीएम को ज्ञापन

पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी

शक्तिनगर (सोनभद्र) विकास और स्वच्छता के दावों के बीच शक्तिनगर क्षेत्र के प्रेमनगर में शौचालय की सुविधा का अभाव ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। बस्ती में सार्वजनिक शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को खुले में शौच के लिए जाना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या का सबसे अधिक असर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। समस्या को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने अपना दल (यश) की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रीति सिंह राजपूत के नेतृत्व में जिलाधिकारी, सोनभद्र को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग उठाई। प्रीति सिंह राजपूत ने कहा कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को अधिकारियों के संज्ञान में लाकर उनके निराकरण का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रेमनगर में शौचालय सुविधा की कमी को गंभीर जनसमस्या बताते हुए प्रशासन से आवश्यक पहल की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार प्रेमनगर में लंबे समय से सार्वजनिक शौचालय की आवश्यकता महसूस की जा रही है। उनका आरोप है कि एनटीपीसी अथवा ग्राम पंचायत स्तर से भी अब तक ऐसी व्यवस्था नहीं हो सकी है, जिससे बस्ती के लोगों को राहत मिल सके। ग्रामीणों ने प्रशासन से केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहकर स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का आकलन कराने की मांग की।ज्ञापन में स्वच्छ भारत मिशन के तहत प्रेमनगर में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराने की मांग प्रमुखता से रखी गई। इसके साथ ही पात्र परिवारों को व्यक्तिगत शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की गई। ग्रामीणों का कहना है कि शौचालय जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध होने से खुले में शौच की समस्या कम होगी और बस्ती की स्वच्छता व्यवस्था में भी सुधार आएगा। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी कर शौचालय निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू कराने का अनुरोध किया। उनका कहना है कि महिलाओं और बुजुर्गों की परेशानी को देखते हुए इस समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए ज्ञापन सौंपने के दौरान अपना दल (यश) के जिला सचिव संजय सोनी, वरिष्ठ कार्यकर्ता सरोज कश्यप सहित प्रेमनगर के कई स्थानीय निवासी मौजूद रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *