Home / Uncategorized / INDIA ब्लॉक के लंच से पहले बवाल, राहुल गांधी का विरोध करने वाले कश्मीरी युवक से मारपीट

INDIA ब्लॉक के लंच से पहले बवाल, राहुल गांधी का विरोध करने वाले कश्मीरी युवक से मारपीट

दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के बीच INDIA ब्लॉक के नेताओं के लंच से पहले हंगामा हो गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर श्रीनगर निवासी फहीम नजीर के साथ मारपीट का आरोप है। बताया गया कि फहीम राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी कर रहा था।

चुनाव आयोग के खिलाफ जारी विरोध-प्रदर्शन के बीच दिल्ली में INDIA ब्लॉक के नेताओं के लंच से पहले हंगामे की स्थिति बन गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर श्रीनगर निवासी एक युवक के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। युवक की पहचान फहीम नजीर के तौर पर हुई है।

बताया जा रहा है कि कांग्रेस कार्यकर्ता जब प्रदर्शन कर रहे थे, उसी दौरान फहीम नजीर वहां पहुंचा और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करने लगा। उसने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश को भ्रमित कर रहे हैं और बांग्लादेश बनाने की कोशिश की जा रही है। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

मारपीट के दौरान फहीम ने कहा कि जब विपक्ष चुनाव जीतता है तो ईवीएम में खराबी नहीं होती। उसने कहा कि उसने राहुल गांधी को गाली नहीं दी, इसके बावजूद उसके साथ मारपीट की गई। फहीम ने खुद को श्रीनगर का निवासी बताते हुए कहा कि वह देश को नेपाल या बांग्लादेश नहीं बनने देगा।दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने INDIA ब्लॉक के सांसदों को दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित मोएट्स रेस्टोरेंट में लंच के लिए बुलाया है। लंच से पहले वहां बड़ी संख्या में NSUI कार्यकर्ता भी पहुंच गए थे। इसी दौरान फहीम नजीर वहां पहुंचा और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करने लगा। उसने बीजेपी के समर्थन में भी नारे लगाए। इस पर वहां मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ता भड़क गए और फहीम की पिटाई शुरू कर दी।

मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस भी वहां पहुंच गई और फहीम को वहां से अलग लेकर चली गई।

इससे एक दिन पहले भी INDIA ब्लॉक के सांसदों का लंच दिल्ली के सागर रत्न में हुआ था। इसके बाद विपक्षी सांसद तीन बसों से जंतर-मंतर की ओर रवाना हुए थे। उनका उद्देश्य मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करना था।

रास्ते में दिल्ली पुलिस ने बसों को रोक दिया था। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया था। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और टकराव की स्थिति भी बनी थी।

दिल्ली पुलिस ने बाद में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत अन्य लोगों के खिलाफ पुलिसकर्मियों से कथित मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में FIR दर्ज की थी। आज भी INDIA ब्लॉक के सांसदों के लंच का कार्यक्रम है। इसके बाद राजघाट जाने की योजना है। इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने वहां भारी सुरक्षा तैनाती की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *