Home / Uncategorized / ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युतीकरण की मांग, इशिका चौबे ने केंद्रीय मंत्री को सौंपा पत्र

ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युतीकरण की मांग, इशिका चौबे ने केंद्रीय मंत्री को सौंपा पत्र

पूर्वांचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी

सोनभद्र। सोनभद्र सदर विधानसभा क्षेत्र के कोन मंडल अंतर्गत विभिन्न गांवों में बिजली की समस्या को लेकर इशिका चौबे ने पहल की है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युतीकरण कराने की मांग को लेकर प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी को प्रार्थना पत्र सौंपा और गांवों में बिजली की सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

इशिका चौबे ने कहा कि बिजली केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि शिक्षा, विकास और बेहतर भविष्य की आधारशिला है। ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युतीकरण होने से बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्यों और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार होगा। हमारा प्रयास है कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और प्रत्येक घर तक विकास की रोशनी पहुंचे, ताकि किसी भी परिवार को अंधेरे में न रहना पड़े।

उन्होंने बताया कि सदर विधानसभा क्षेत्र के कोन मंडल के अंतर्गत रानीडीह, पिंडारी, अमिला धाम, चकरिया, चन्नी, पोखरिया, चाचीकला, डोमा, मिश्री, बहुवारा, बड़वाखाड़, बागेश्वरी, करहिया, बोधाडीह, बाटेंगवा और सलाईडीह सहित दर्जनों गांवों में बिजली की समस्या को दूर करने तथा विद्युतीकरण कराने की मांग उठाई गई है।

इशिका चौबे ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास ही उनका संकल्प है। जनहित के मुद्दों को लेकर उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *