Home / Uncategorized / मिशन शक्ति 6.0: महराजगंज में नारी शक्ति का सम्मान, सदर विधायक ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और प्रतिभाशाली छात्राओं को किया सम्मानित

मिशन शक्ति 6.0: महराजगंज में नारी शक्ति का सम्मान, सदर विधायक ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और प्रतिभाशाली छात्राओं को किया सम्मानित

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली)
किसी ने चिकित्सा तो किसी ने शिक्षा और समाजसेवा में गाड़े सफलता के झंडे, दिव्यांग छात्रा निधि यादव का हौसला भी बढ़ाया
महराजगंज। नारी शक्ति के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन, महराजगंज के सभागार में महिला सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने चिकित्सा, शिक्षा, सामाजिक कार्य और पुलिस सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं तथा प्रतिभाशाली छात्राओं को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। समारोह में महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए उनके प्रयासों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया गया।
चिकित्सा सेवा में योगदान देने वाली महिलाओं का सम्मान
चिकित्सा क्षेत्र में महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और संवेदनशील गर्भवती महिलाओं के उपचार में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. रोमा गुप्ता (एमडी) को सम्मानित किया गया। वहीं, मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य और चिकित्सा देखभाल के क्षेत्र में सराहनीय सेवाओं के लिए स्टाफ नर्स सुनीता श्रीवास्तव एवं बबीता भारती को सम्मान प्रदान किया गया।
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, छात्राओं का बढ़ा सम्मान
शिक्षा एवं छात्राओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने में योगदान के लिए राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, फरेंदा की प्रवक्ता श्रीमती ज्योति सिंह और प्रधानाचार्य श्रीमती अनामिका पाण्डेय को सम्मानित किया गया।
समारोह में ओलंपियाड के लिए चयनित कक्षा चार की छात्रा सौम्या पासवान को भी सम्मान मिला। वहीं, शारीरिक दिव्यांगता के बावजूद कक्षा 10वीं में 70 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली छात्रा निधि यादव को सम्मानित कर उनके परिश्रम, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प का उत्साहवर्धन किया गया। इन छात्राओं की उपलब्धियों को अन्य बालिकाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया।
महिला सशक्तिकरण और सामाजिक कार्यों की भी सराहना
घरेलू उत्पीड़न एवं पारिवारिक विवादों के समाधान और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाली काउंसलर श्रीमती प्रियंका सिंह, श्रीमती रतना तिवारी एवं श्रीमती संजा देवी को सम्मानित किया गया। उनके प्रयासों को महिलाओं को न्याय, सहयोग और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने वाला बताया गया।
मिशन शक्ति में योगदान देने वाली महिला पुलिसकर्मियों को सम्मान
पुलिस विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाली उपनिरीक्षक ज्योति राय, उपनिरीक्षक रुचि, मुख्य आरक्षी नीलू यादव तथा आरक्षी नीलम पाण्डेय, रंजना गौड़ एवं रवि कन्नौजिया को सम्मानित किया गया। इन पुलिसकर्मियों ने कानून-व्यवस्था संबंधी दायित्वों के निर्वहन के साथ मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को सरकारी योजनाओं, सुरक्षा संबंधी सेवाओं और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा अपहृताओं की बरामदगी में योगदान दिया।
महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सरकार की प्राथमिकता: विधायक
सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मिशन शक्ति अभियान महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि उनका योगदान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ अन्य महिलाओं और बालिकाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *