वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन, भव्य आरती में श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में नवाया शीश
पूर्वांचल राज्य वाराणसी (चोलापुर)।
(राजेश कुमार वर्मा की रिपोर्ट)
जय माता दी… जय मां दुर्गा… शेरावाली माता की जय! के गगनभेदी जयकारों से शनिवार को गोसाईपुर मोहांव चौराहा भक्तिमय हो उठा। नव युवक दुर्गा पूजा समिति की ओर से स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा का आचार्य प्रमोद चौबे ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर धार्मिक आयोजन का शुभारंभ किया। इसके बाद मां दुर्गा की आरती उतारी गई। आरती के दौरान श्रद्धालु भक्तिभाव में लीन नजर आए। दीपों की ज्योति, घंटियों की गूंज और मां के जयकारों से पूरा पंडाल आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया। श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
गौरतलब है कि गोसाईपुर मोहांव में दुर्गा पूजा की परंपरा लगभग 35 वर्षों से चली आ रही है। वर्ष 1990 के दशक से ग्रामवासी सामूहिक सहयोग और श्रद्धा के साथ इस आयोजन को निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं। यह धार्मिक आयोजन सनातन संस्कृति, आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक बन चुका है। हर वर्ष मां दुर्गा की आराधना के माध्यम से श्रद्धालु अपनी धार्मिक आस्था प्रकट करते हैं।
समिति के अध्यक्ष जोखन गुप्ता, प्रबंधक सुभाष पांडेय, संरक्षक इंतियाज, कोषाध्यक्ष रामचन्दर मोदनवाल, उपाध्यक्ष चंदन गुप्ता और महामंत्री अंकित गुप्ता, भूतपूर्व ग्राम प्रधान रामजनम यादव आयोजन की व्यवस्था में जुटे रहे। गोविन्द लाइट हाउस के गोविन्द एवं गोलू के साथ कार्यकर्ता बीरु, तालीम, मल्लू, राजन, राहुल, मोहित, सौरभ (बाला), चंदन, संदीप, मंदन, विकास गुप्ता, श्याम बाबू (लाला), सोनू सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।
जय माता दी! मां दुर्गा सबका कल्याण करें।










