छह मामलों में अब तक ₹5.56 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त/फ्रीज, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
पूर्वांचल राज्य संवाददाता : दीपु तिवारी
सोनभद्र, शक्तिनगर। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनभद्र पुलिस ने शक्तिनगर में कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के एक मामले से संबंधित आरोपी दीपक कुमार भारती की 23 लाख 86 हजार रुपये मूल्य की आवासीय संपत्ति फ्रीज की है। 24 अक्टूबर 2026 को संबंधित संपत्ति पर फ्रीजिंग आदेश का नोटिस चस्पा किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) मेविस टॉक के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पांडेय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। इसमें शक्तिनगर थाना प्रभारी सत्येंद्र राय एवं पिपरी थानाध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, थाना शक्तिनगर में मुकदमा संख्या 20/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21, 27-ए और 29 में दर्ज मामले से संबंधित आरोपी दीपक कुमार भारती पुत्र गुलाब भारती, निवासी डिबुलगंज, थाना अनपरा की आवासीय संपत्ति फ्रीज की गई है। संपत्ति का मूल्य 23,86,000 रुपये बताया गया है।
यह कार्रवाई एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के अध्याय पांच-ए की धारा 68-एफ के तहत 21 अक्टूबर 2026 को जारी फ्रीजिंग आदेश के अनुपालन में की गई। पुलिस के मुताबिक, भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग के सक्षम प्राधिकारी एवं न्यायनिर्णायक प्राधिकारी, नई दिल्ली ने वाद संख्या NDPSA/FO/1305/DAL/2026 में आदेश को अनुमोदित किया था।
छह मामलों में ₹5.56 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त/फ्रीज
पुलिस के मुताबिक, जनपद सोनभद्र में अब तक एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68-ई और 68-एफ के तहत छह मामलों में कुल 5,56,25,695 रुपये की संपत्ति जब्त या फ्रीज की जा चुकी है। इनमें रॉबर्ट्सगंज के दो, अनपरा के एक, शक्तिनगर के दो और म्योरपुर के एक मामले शामिल हैं।
थाना रॉबर्ट्सगंज के कोडीनयुक्त कफ सिरप से संबंधित मामले में 4,50,13,541 रुपये तथा एक अन्य हेरोइन मामले में 1,08,156 रुपये की संपत्ति जब्त/फ्रीज की गई। थाना अनपरा के हेरोइन मामले में 26,62,165 रुपये, शक्तिनगर के एक पूर्व मामले में 15,72,140 रुपये और म्योरपुर के मामले में 38,83,693.52 रुपये की संपत्ति जब्त/फ्रीज की गई। शक्तिनगर में 23,86,000 रुपये की संपत्ति फ्रीज करने की ताजा कार्रवाई भी इसी सूची में शामिल है।
पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, दीपक कुमार भारती के विरुद्ध अनपरा थाने में वर्ष 2023 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा संख्या 133/2023 और वर्ष 2025 में मुकदमा संख्या 193/2025 दर्ज है। इसके अलावा शक्तिनगर थाने में वर्ष 2026 में मुकदमा संख्या 20/2026 तथा अनपरा थाने में वर्ष 2019 में आईपीसी की धारा 323, 34, 504 और 506 के तहत मुकदमा संख्या 16/2019 दर्ज बताया गया है।










